
चंदौली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पड़ाव चौराहे के पास से 400 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनंत चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना मुगलसराय पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ाव चौराहे के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास मौजूद सब्जी के झोले में छिपाकर रखी गई 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि हेरोइन को सब्जी के नीचे बड़ी चतुराई से छिपाया गया था, ताकि किसी को शक न हो। बरामदगी के आधार पर थाना मुगलसराय में मु0अ0सं0 165/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गंगाराम वर्मा पुत्र स्वर्गीय सूरज लाल और नीरज वर्मा पुत्र राम प्रसाद वर्मा, दोनों निवासी ग्राम नेउला, थाना मसौली, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाराबंकी से एक अज्ञात व्यक्ति के कहने पर हेरोइन लेकर आए थे और इसे पड़ाव चौराहे पर किसी अन्य व्यक्ति को सौंपना था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी गंगाराम वर्मा का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में गाजीपुर जनपद में एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। बरामदगी में 400 ग्राम अवैध हेरोइन के अलावा दो रियलमी कंपनी के मोबाइल फोन, 240 रुपये नगद और सब्जी का झोला भी शामिल है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार (चौकी प्रभारी जलीलपुर) और उपनिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

