ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, चंदौली में पकड़ा ढाई करोड़ का गांजा, ओडिशा से नोएडा खेप ले जा रहे थे तस्कर

चंदौली। उत्तर प्रदेश एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एएनटीएफ यूनिट वाराणसी और यूनिट आगरा की संयुक्त टीम ने चंदौली जनपद में कार्रवाई करते हुए दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 499 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

एएनटीएफ यूनिट वाराणसी द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान प्रमोद गुप्ता पुत्र सूरधाम गुप्ता, निवासी बलेसरा थाना गड़वार जिला बलिया और अक्षय कुमार पुत्र भूपराम, निवासी पचपेरा थाना नवाबगंज जनपद बरेली के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 499 किलो 200 ग्राम गांजा के अलावा एक डीसीएम ट्रक, एक मोबाइल फोन, दो ड्राइविंग लाइसेंस, एक आधार कार्ड और 2,220 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना कोतवाली चंदौली में मु0अ0सं0 44/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि वे गांजा की खेप ओडिशा के बालीगुडा क्षेत्र से लोड कर अपने मालिक के कहने पर गौतमबुद्ध नगर ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि उनका मालिक गौतमबुद्ध नगर का निवासी है और उसी के निर्देश पर वे यह खेप लेकर निकले थे, लेकिन रास्ते में पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

 

एंटी नारकोटिक्स टीम ने सटीक सूचना के आधार पर तस्करों को चंदौली-वाराणसी मार्ग पर सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बाबा ढाबा के सामने सर्विस लेन से पकड़ा। कार्रवाई में एएनटीएफ यूनिट वाराणसी की टीम के साथ थाना कोतवाली चंदौली की पुलिस ने भी सहयोग किया। एएनटीएफ अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने के लिए आगे की जांच कर रही है।

 

टीम में उपनिरीक्षक आदित्य नारायण सिंह एएनटीएफ यूनिट वाराणसी, मुख्य आरक्षी सुनील कुमार त्रिपाठी एएनटीएफ यूनिट वाराणसी, आनन्द कुमार तिवारी एएनटीएफ यूनिट वाराणसी, सचिन कुशवाहा एएनटीएफ यूनिट वाराणसी, आरक्षी शक्तिधर पाण्डेय एएनटीएफ यूनिट वाराणसी के साथ ही सदर कोतवाली पुलिस टीम में एसआई तरुण कुमार कश्यप, असलम, हेड कांस्टेबल कौशल कुमार यादव, रविशंकर प्रसाद और आरक्षी सत्यप्रकाश शामिल रहे।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!