
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के रानेपुर गांव के समीप शुक्रवार की देर शाम ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ऑटो सवार युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा घायल हो गया। घटना के बाद चालक ऑटो छोड़कर फरार हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही।
क्षेत्र के बिशुपुर महुआरी गांव निवासी अरविंद यादव (25 वर्ष) शुक्रवार को चहनियां गया था। वहां से काम पूरा कर वह देर शाम ऑटो से वापस घर जा रहा था। उसी दौरान रानेपुर गांव के समीप ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने उसे तत्काल चहनियां पीएचसी पहुंचाया, हालांकि चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। घायल युवक का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी रही।

