
चंदौली। सदर कोतवाली पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई। शातिर तस्कर पर एसटीएफ वाराणसी ने 50 हजार इनाम घोषित किया था।
अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर (आईपीएस) एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में बुधवार की रात धमरिया मैदान, थाना लोहता, जिला वाराणसी क्षेत्र से अभियुक्त मो. अरशद को गिरफ्तार किया गया। वह थाना चंदौली में दर्ज मुकदमा संख्या 54/24 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं 3/5ए/5बी/8, पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 तथा धारा 419 भादवि में वांछित चल रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्त वाराणसी के थाना सिगरा क्षेत्र के लहंगपुरा, औरंगाबाद का निवासी है। उसके विरुद्ध वर्ष 2021 में थाना सिगरा में धारा 147/323/504/506 भादवि के तहत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में एसटीएफ और चंदौली पुलिस के निरीक्षक व उपनिरीक्षक समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

