ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : ड्यूटी के दौरान सेना के जवान की मौत, गांव में शोक की लहर

चंदौली। चहनियां क्षेत्र के सराय रसूलपुर ग्रामसभा के सेवई पुरवा गांव निवासी सेना के राजपूत बटालियन के जवान बिजेंद्र यादव (30 वर्ष) के असमय निधन की खबर ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया। बुधवार की सुबह जैसे ही उनके पिता लल्लन यादव को कमांडेंट का फोन आया और बेटे के निधन की सूचना मिली, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

 

बिजेंद्र यादव किसान परिवार से ताल्लुक रखते थे। वर्ष 2018 में उन्होंने सेना की राजपूत बटालियन में सिपाही के रूप में भर्ती होकर देशसेवा का संकल्प लिया था। उनकी पहली पोस्टिंग लद्दाख में हुई, जहां उन्होंने कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश की रक्षा की। वर्तमान में वे मध्य प्रदेश के सागर में तैनात थे।

 

जवान के अचानक मौत की खबर ने परिजनों को हतप्रभ कर दिया। पिता लल्लन यादव बताते हैं कि फोन पर केवल निधन की सूचना दी गई, लेकिन मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं बताया गया। परिवार अभी भी यह समझने की कोशिश कर रहा है कि आखिर जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

 

करीब डेढ़ वर्ष पूर्व बिजेंद्र की शादी धानापुर थाना क्षेत्र के अटौली गांव की प्रज्ञा से हुई थी। शादी के बाद घर में खुशियां लौटी थीं। छह माह पूर्व उनकी एक बेटी भी हुई, जो अब पिता के स्नेह और मार्गदर्शन से वंचित हो गई।

Back to top button