ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : गड़ई और चंद्रप्रभा नदियों की सफाई-खुदाई को मंजूरी, किसानों ने कैबिनेट मंत्री को बताई थी समस्या

चंदौली। जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। गड़ई नदी और चंद्रप्रभा नदी की सफाई एवं खुदाई (ड्रेजिंग) का कार्य शीघ्र ही शुरू होने जा रहा है। बीते दिनों दोनों नदियों में आई बाढ़ के कारण हजारों एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई थीं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। लगातार उठ रही मांग और किसानों के प्रयासों के बाद अब इस दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने  चीफ इंजीनियर सोन सिद्धार्थ सिंह एवं अधीक्षण अभियंता से वाराणसी स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने नदियों की सफाई और खुदाई से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की और शीघ्र कार्य शुरू कराने का आग्रह किया।

 

दरअसल, किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कुछ दिन पहले कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था। साथ ही यह मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी लाया गया। किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने गड़ई और चंद्रप्रभा नदियों की सफाई एवं खुदाई के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। दोनों नदियों के लिए टेंडर प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है और बहुत जल्द कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। नदियों की सफाई और गहराई बढ़ने से भविष्य में बाढ़ की स्थिति पर नियंत्रण संभव होगा, साथ ही कृषि भूमि को होने वाले नुकसान से भी राहत मिलेगी। इससे क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

 

इस बीच यह भी तय हुआ है कि कार्य शुरू होने से पहले स्वयं सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बबुरी पहुंचकर किसानों की एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा के माध्यम से किसानों को सरकार की योजनाओं और कार्यों की जानकारी दी जाएगी तथा उनकी समस्याएं भी सुनी जाएंगी।  किसानों ने सरकार के इस फैसले पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय किसान हित में एक बड़ा कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नदियों की सफाई से क्षेत्र में स्थायी समाधान मिलेगा और कृषि को मजबूती मिलेगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!