ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, किराये के कमरे पर धमकी टीम, लेखपाल संघ ने सीओ से की मुलाकात

चंदौली। सकलडीहा कस्बे में सोमवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लेखपाल को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लेखपाल की पहचान पंकज यादव के रूप में हुई है, जो मथेला और हृदयपुर क्षेत्र में तैनात था। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।

 

सूत्रों के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे सकलडीहा राजवाहा स्थित लेखपाल के किराए के मकान पर चार वाहनों से पहुंची एंटी करप्शन टीम ने उसे हिरासत में लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टीम ने मौके पर ही उसके हाथ धुलवाए और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की। इसके बाद टीम लेखपाल को अपने साथ ले गई।

 

घटना की जानकारी मिलते ही लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष विनय कुमार सिंह और तहसील अध्यक्ष अरुण अवस्थी अन्य लेखपालों के साथ सीओ स्नेहा तिवारी से मिले। उन्होंने लेखपाल के संबंध में जानकारी और कानूनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद ने पुष्टि करते हुए बताया कि एंटी करप्शन टीम द्वारा कार्रवाई की गई है और मुकदमा मुगलसराय कोतवाली में दर्ज किया जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!