ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : मुगलसराय में दुर्व्यवस्थाओं से नाराज सपाई नगर पालिका कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

चंदौली। मुगलसराय नगर पालिका क्षेत्र में दुर्व्यवस्थाओं से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नगर पालिका दफ्तर परिसर में धरना दिया। जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर के नेतृत्व में धरने पर बैठे सपाइयों ने नगरवासियों की उपेक्षा और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान मांगपत्र सौंपकर जल्द से जल्द नगर में मूलभूत सुविधाएं बहाल करने की मांग की।

 

मांग पत्र में कहा गया कि नगर में आम नागरिकों को सरकारी कार्यों के नाम पर अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। जाति, निवास व मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रमाण पत्रों के समय से निर्गमन न होने के कारण लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसे तत्काल सुधारे जाने की मांग की गई है।

 

नगर के विभिन्न वार्डों में पेयजल संकट भी गंभीर रूप ले चुका है। विशेष रूप से वार्ड नंबर 9, 3, 5 और 16 में लगे हैंडपंप और ट्यूबवेल खराब पड़े हैं, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए दूर जाना पड़ता है। मांग पत्र में खराब ट्यूबवेल की तत्काल मरम्मत और नए ट्यूबवेल लगाए जाने की मांग की गई है।

 

सड़क और जलनिकासी की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया है। जीटी रोड से बाजार, काली माता मंदिर मार्ग, हनुमान मंदिर के पास तथा कई वार्डों में सड़कें अत्यंत जर्जर स्थिति में हैं। जगह-जगह जलजमाव होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। नालियां सिल्ट से भरी पड़ी हैं, जिनकी समय से सफाई न होने के कारण गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर और नगर अध्यक्ष सोनू चौहान ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!