ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: एम्बुलेंस ने पांच राहगीरों को मारी टक्कर, मची अफरातफरी, एक की हालत गंभीर

चंदौली। नगर के शंकर मोड़ पर गुरुवार को एक तेज रफ्तार प्राइवेट एम्बुलेंस ने सड़क किनारे पैदल चल रहे पांच लोगों को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस को घेर लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एम्बुलेंस वाराणसी में मरीज छोड़कर बिहार की ओर जा रही थी। इसी दौरान शंकर मोड़ के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अर्जुन (70), लक्ष्मण (75), जगजीवन राम (50), मनोज (22) और प्रीति (28) घायल हो गए।

 

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अर्जुन की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है।

 

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी रामजीत यादव ने बताया कि एम्बुलेंस की टक्कर से पांच लोग घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और चालक व वाहन को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

वहीं जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ संजय ने बताया कि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से एक युवती सहित पांच घायलों को अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!