
चंदौली। दिल्ली ब्लास्ट के बाद प्रदेश में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इसी क्रम में जनपद में भी प्रशासन हाईअलर्ट पर है। पुलिसकर्मियों की स्पेशल ड्यूटी लगाई गई है। वहीं एसपी आदित्य लांग्हे ने मंगलवार को पीडीडीयू नगर स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की तलाशी ली गई। उन्होंने भीड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
सोमवार की शाम दिल्ली के लाल किला के समीप रेड लाइट पर कार में ब्लास्ट में 10 लोगों की मौत हो गई। इसमें आतंकियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में शासन प्रशासन अलर्ट हो गया है। शासन के निर्देश पर चंदौली पुलिस हाईअलर्ट पर है। जिले की सीमाओं, पीडीडीयू नगर और मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

एसपी मंगलवार को पीडीडीयू जंक्शन पहुंचे। उन्होंने स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की। उन्होंने एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर सुरक्षा व्यवस्था और जवानों की डिप्लायमेंट देखी। उन्होंने आरपीएफ और जीआरपी को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
शहरी इलाकों में भी विशेष निगरानी की जा रही है। अधिकारियों के नेतृत्व में फोर्स लगातार चक्रमण कर निगरानी कर रही है। वहीं लोगों से भी अपील की गई है किसी भी तरह की संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु दिखाई पड़ने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

