ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: शिथिलता बरतने वाले राजस्व कर्मियों पर होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी

नौगढ़ तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन

चंदौली : सरकार के मंशानुरूप जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए जिले के सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग व पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में नौगढ़ तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस पर आए फरियादियों की समस्याओं को सुना गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं पर त्वरित न्याय दिलाए। लापरवाही बरतने वाले राजस्व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों को समय से निस्तारण करने का निर्देश दिया । कहा कि निस्तारण के समय गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाय। साथ ही निर्विवाद वरासत सहित अन्य मामले कोे तत्काल सुलझाने का निर्देश दिया। फरियादी रमेश पुत्र कैलाश ग्राम बरवाडीह निवासी की ओर से आरोप लगाया कि अपनी भूमि पर घर बनवाना चाहते है। इसके लिए सीमांकन के लिए गुहार लगाया। बताया कि लेखपाल ने पैसे की मांग की है। उप जिलाधिकारी को फटकार लगाते हुए भूमि सीमांकन तत्काल कराने के साथ ही ऐसे लेखपालों पर कार्रवाई तय करने का निर्देश दिया।


सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिवक्ताओं ने जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र रिपोर्ट लगाने में बीडीओ नौगढ़ द्वारा दो से तीन माह तक लंबित रखे जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी व खंड विकास अधिकारी को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जन्म, मृत्यु, निवास व अन्य आन लाइन जारी होने वाले प्रमाण पत्र को टाइम लाइन में उचित निस्तारण करे। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अलग-अलग गांव की कुछ महिलाओं ने आवास के लिए मांग की। जिस पर पीडी डीआरडीए को सत्यापन कर पात्र लोगों का आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। तहसील परिसर में पेयजल की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए अधिवक्ताओं ने कहा कि गहरी बोरिंग हो जाए तो पेयजल की समस्या से गर्मी के मौसम में निजात मिलेगी।


उन्होंने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि, विकास विभाग, सिंचाई विभाग , विद्युत विभाग व पुलिस संबंधित मामले की रही है।
प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी नौगढ़, तहसीलदार, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Back to top button
error: Content is protected !!