
चंदौली। जुआ कांड में लापरवाही पर एसपी आदित्य लांग्हे ने मुगलसराय कोतवाल संतोष सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं जलीलपुर चौकी प्रभारी अभिषेक शुक्ला को हटाकर चकिया भेज दिया गया है। राजेश सिंह मुगलसराय कोतवाली के नए प्रभारी बनाए गए हैं। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव में जुए का बड़ा अड्डा संचालित हो रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर एक दर्जन से अधिक को पकड़ा। वहीं भारी मात्रा में नकदी और अन्य चीजें बरामद हुईं। एसपी आदित्य लांघे ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि कानून व्यवस्था को लेकर ढिलाई किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दरअसल, मुगलसराय इलाके में बड़े पैमाने पर जुए के अड्डे संचालित हो रहे थे, लेकिन पुलिस सोती रही। पुलिस ने एक दिन पहले सेमरा गांव में छापेमारी की। इस दौरान एक दर्जन से अधिक जुआरी पकड़े गए। वहीं एक लाख से अधिक नकदी, ताश की गड्डियां और 50 से अधिक बाइकें बरामद की गईं।
इस मामले में पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जुआ कांड में लापरवाही और क्राइम कंट्रोल में सुस्ती पर मुगलसराय कोतवाल और चौकी प्रभारी पर गाज गिरी है।

