ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : नागरिक सुरक्षा कोर का 63वां स्थापना दिवस : निःस्वार्थ सेवा के जज्बे को सलाम, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान

चंदौली। मुगलसराय के रेलवे क्षेत्र स्थित यूरोपियन कॉलोनी में शुक्रवार को नागरिक सुरक्षा कार्यालय परिसर में संगठन का 63वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा नागरिक सुरक्षा कोर के प्रभारी राजेश कुमार द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगान सम्पन्न हुआ। अतिथियों ने गृह मंत्री, सचिव गृह मंत्रालय, महानिदेशक नागरिक सुरक्षा भारत सरकार और निदेशक नागरिक सुरक्षा कोर उत्तर प्रदेश के संदेशों का वाचन कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।

कार्यक्रम में वर्षभर विभिन्न अवसरों पर उत्कृष्ट एवं निष्ठापूर्ण सेवाएं प्रदान करने वाले स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही चीफ वार्डेन राजीव गुप्ता और उप नियंत्रक (राजपत्रित) योगेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। अतिथियों का स्वागत करते हुए सहायक उप नियंत्रक (व. वे.) योगेश श्रीवास्तव ने नागरिक सुरक्षा कोर के इतिहास, दायित्वों और समाज में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि राजेश कुमार ने स्वयंसेवकों की ऊर्जा, निष्ठा और प्रशासनिक सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा कोर ने हमेशा आपदा, संकट और जनसेवा में प्रशासन का मजबूत साथ दिया है। उन्होंने बताया कि स्वयंसेवकों की संख्या वृद्धि और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को गति दी जा रही है, जिससे संगठन और अधिक सशक्त होगा। विशिष्ट अतिथि आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जतिन बी. राज ने स्वयंसेवकों को जनसेवा की प्राथमिकता बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने रेलवे क्षेत्र में किसी भी समस्या के समाधान में पूरा सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

 

उपजिलाधिकारी पीडीडीयू नगर अनुपम मिश्रा ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वयंसेवक प्रशासन और जनता के बीच मजबूत कड़ी हैं। निःस्वार्थ सेवा ही ईश्वरीय सेवा है, और नागरिक सुरक्षा कोर समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने चल रहे एस.ए.आर. कार्यों में कैंपों में जाकर सहयोग करने का भी आह्वान किया। सीओ पीडीडीयू नगर कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि नागरिक सुरक्षा से सीखकर समाज सेवा के लिए समर्पित होना चाहिए। निःस्वार्थ सेवाकार्य समाज में नई इबारत लिखते हैं।

 

कार्यक्रम का संचालन उप नियंत्रक योगेश कुमार श्रीवास्तव और स्टाफ ऑफिसर कमलेश तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन चीफ वार्डेन राजीव गुप्ता ने दिया। इस मौके पर विभिन्न पोस्टों के वार्डेन, सैकड़ों स्वयंसेवक, पदाधिकारी और कार्यालय के वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार भी उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!