
चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को 9 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व 503 सहायिकाओं को भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग व मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई ने प्रतीकात्मक नियुक्ति पत्र सौंपा। वही 17 पूर्ण आंगनवाड़ी केन्द्रों व बाल विकास परियोजना कार्यालय सह गोदाम शहाबगंज का लोकार्पण भी किया गया। शेष सहायिकाओं के नियुक्ति पत्र का वितरण शीघ्र ही किया जाएगा।
इस अवसर पर लखनऊ में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में प्रादेशिक स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। जिलाधिकारी ने सभागार नव चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं व स्मार्टफोन की लाभार्थियों को बधाई व शुभकामनाएं दी। कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की प्रेरणा से देश की आधी आबादी को आगे बढने के लिए अवसर मिल रहे हैं। पहली नौकरी अपने आप में अनूठी होती है जिससे हम भावनात्मक रूप से जुड़ते हैं और उस नौकरी के माध्यम से हम अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकते हैं। सरकार का विजन है कि देश की आधी आबादी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर व सशक्त हो। सामाजिक स्तर पर आपकी जिम्मेदारी बहुत ही खास है। संभावित माताओं और छोटे-छोटे बच्चे जो देश का भविष्य हैं, के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी आपके हाथों में है। आप सबको अपने काम की पूरी जानकारी होनी चाहिए, जितना अच्छा आप सीखेंगे उतना ही अच्छा कर पायेंगे।
कहा कि 17 पूर्ण आंगनवाड़ी केन्द्रों व बाल विकास परियोजना कार्यालय सह गोदाम शहाबगंज का लोकार्पण भी किया गया । उनसे विभागीय कार्य की कार्य क्षमता में वृद्धि होगी। जनपद के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर फर्नीचर सहित अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें और बेहतर व उपयोगी बनाए जाने का प्रयास किया जा रहा है। आप सभी को जो स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए है, उनमें विभागीय एप्स की जानकारी व उनका संचालन अच्छे से सीख लें, इससे निश्चित रूप से आपको कार्य करने में आसानी होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने सभी को शुभकामनाएं प्रेषित की और कहा कि आप सभी समाज की आधारशिला हैं। देश के भविष्य की नींव मजबूत करने का काम आपके हाथों में हैं। कुपोषण को लेकर हमारी सरकार सजग है और इसे खत्म करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आप सभी पूरी निष्ठा व लगन के साथ कार्य करें, उसमें किसी भी प्रकार की समस्या आए तो हमें अवगत कराएं। आपकी हर संभव मदद की जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीडीपीओ सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी के साथ नव चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं मौजूद थी।

