चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

Chandauli News: लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर संगोष्ठी आयोजित, किसानों और महिलाओं के कल्याणकारी कार्यों को किया याद

चंदौली। पचपेड़वा स्थित निजी कॉलेज में भारतीय जनता पार्टी की ओर से लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर गोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी मंत्री संजीव गौड़ उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री ने कहा देवी अहिल्याबाई होलकर ने किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता दी। उन्होंने सिंचाई के लिए नहरें, तालाब और जलाशयों का निर्माण करवाया, कृषि करों में राहत दी और डाकुओं से किसानों की संपत्ति की रक्षा की। उनकी इन नीतियों ने किसानों को आत्मनिर्भर बनाया और कृषि में नवाचार के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि अहिल्याबाई ने कृषि प्रदर्शनियों और प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से फल-सब्जी उत्पादन को प्रोत्साहित किया, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हुई। महेश्वर में हथकरघा आधारित कुटीर उद्योग स्थापित कर उन्होंने बुनकरों को भी नया जीवन दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई महिलाओं के अधिकारों की संरक्षक थीं। उन्होंने विधवा महिलाओं को संपत्ति के अधिकार दिए, महिलाओं की सेना गठित की और उन्हें युद्धकला का प्रशिक्षण दिलाया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह, विधायक सुशील सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दीनानाथ शर्मा समेत कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!