
संवाददाता – बाबू चौहान
चंदौली। डिजिटल फसल सर्वे में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को पंचायत सहायकों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में जब सर्वे कार्य की प्रगति उम्मीद से बेहद धीमी पाई गई, तो डीपीआरओ ने नाराजगी जताते हुए पांच पंचायत सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में विभागीय कार्रवाई तय है।
समीक्षा बैठक में डीपीआरओ ने एक-एक पंचायत का प्रगति विवरण देखा। इस दौरान कई ग्राम पंचायतों में डिजिटल फसल सर्वे का कार्य बेहद पिछड़ा पाया गया। लापरवाही पर कार्रवाई करते हुए जिन पंचायत सहायकों को नोटिस जारी किया गया, उनमें अखिलेश यादव (ढोढ़नपुर), ज्ञानचंद्र (तियरा), सोनी यादव (केरायगांव), कनीज फातिमा (बड़गांवा) और मनीषा यादव (भोड़सर) शामिल हैं। डीपीआरओ ने दो टूक कहा कि शासन की प्राथमिक योजनाओं में शिथिलता किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक के बाद डीपीआरओ ने क्षेत्र का भ्रमण कर ग्राम विकास अधिकारियों की औचक जांच भी की। निरीक्षण के दौरान ग्राम विकास अधिकारी स्थमाह अपने तैनाती गांव से अनुपस्थित पाए गए। इस पर डीपीआरओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए एडीओ पंचायत को तत्काल नोटिस जारी कर संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं में उपस्थिति और जवाबदेही अनिवार्य है। डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत ढोढ़नपुर के प्रकरण को भी गंभीरता से लेते हुए लिखित रूप से संज्ञान में लिया और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि गांवों में डिजिटल सर्वे, विकास कार्य और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में लापरवाही सीधे शासन की मंशा के विपरीत है।
इसके बाद डीपीआरओ ने सुल्तानपुर गांव स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पशुओं की संख्या, चारा-पानी की उपलब्धता और साफ-सफाई की स्थिति की विस्तार से जांच की गई। गौशाला की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल और साफ वातावरण देखकर डीपीआरओ ने संतोष जताया और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय एडीओ पंचायत अरविंद सिंह भी मौजूद रहे। डीपीआरओ ने अंत में सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चेताया कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर आगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

