
चंदौली/वाराणसी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा शिवसेना के जिला प्रमुख सचिव राजाराम तिवारी के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। शिवसैनिकों ने वाराणसी के ज्ञानवापी पहुंचकर माता श्रृंगार गौरी का दर्शन किया।
शोभायात्रा की शुरुआत नगर स्थित काली माता मंदिर से हुई। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद श्रद्धालु पैदल नगर भ्रमण करते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित श्रृंगार गौरी मंदिर पहुंचे, जहां माता के दर्शन-पूजन कर यात्रा का समापन हुआ।
इस धार्मिक आयोजन में शिवसेना की चंदौली जिला अध्यक्ष श्वेता सिंह सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता और श्रद्धालु शामिल रहे। यात्रा में शामिल भक्त पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए, जिनके माथे पर तिलक और हाथों में नारियल व पूजा सामग्री थी। कई श्रद्धालु ध्वज लेकर चल रहे थे, जिससे यात्रा का धार्मिक स्वरूप और अधिक आकर्षक बन गया।
राजाराम तिवारी ने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान माता श्रृंगार गौरी के दर्शन और पूजन की यह परंपरा पिछले 25 वर्षों से निरंतर चली आ रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य भक्तों में आस्था को मजबूत करना और सनातन परंपराओं को जीवित रखना है। वहीं, श्वेता सिंह ने भी बताया कि काली माता मंदिर से नगर भ्रमण करते हुए श्रृंगार गौरी मंदिर तक पहुंचकर विशेष पूजन करना इस आयोजन की प्रमुख विशेषता है।
यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और “जय श्री राम” व “हर हर महादेव” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। रास्ते भर श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए, जिससे नगर में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

