
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के अमरीपुर गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। 30 वर्षीय आनन्द कुमार पाण्डेय अचेत अवस्था में पुलिया के नीचे नाली में पड़े मिले। थाना प्रभारी ने अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आनन्द कुमार पाण्डेय सोमवार शाम से ही घर से लापता थे। परिजनों ने रात भर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह गांव के लोग काली माता मंदिर के पास से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने पुलिया के नीचे नाली के पास एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देख।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और युवक को नाली से बाहर निकलवाया। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार, युवक का आधा शरीर नाली में और आधा सड़क पर पड़ा था, जिससे घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
मृतक आनन्द कुमार पाण्डेय गांव में रहकर खेती-बाड़ी करते थे। बताया जा रहा है कि उनकी पारिवारिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। उनकी शादी सकलडीहा के फुल्ली गांव में हुई थी, लेकिन उनकी पत्नी पिछले चार वर्षों से मायके में रह रही थी, जिससे वह काफी परेशान रहते थे। उनका एक छह वर्षीय बेटा भी है, जो अपनी मां के साथ रहता है।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पिता अजय कुमार, माता विद्या देवी और बड़े भाई अभिषेक का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।

