
चंदौली। जिले में तैनात एसडीएम बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने एसडीएम की मां शनिवार की शाम अलीनगर थाने पहुंची। बेटे और बहू दोनों चंदौली में एसडीएम के पद पर कार्यरत हैं। दोनों के बीच विवाद चल रहा है। एसडीएम बहू के पिता की ओर से एसडीएम बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने पर पलटवार करते हुए एसडीएम की मां कई वकीलों को अपने साथ लेकर अलीनगर थाने पहुंची। इस दौरान थाना परिसर में गहमागहमी रही। दो अधिकारियों के बीच विवाद होने के कारण पुलिस भी पेशोपेश में है।
महिला एसडीएम के पिता ने अपने एसडीएम दामाद के खिलाफ प्रतापगढ़ में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने अपने दामाद एसडीएम, उनकी मां, बहनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों के बीच तलाक का मुकदमा भी चल रहा है। एसडीएम बहू के पिता की ओर से मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद एसडीएम की मां ने भी पलटवार किया है।
एसडीएम की मां कई वकीलों को अपने साथ लेकर शनिवार की शाम अलीनगर थाने पहुंची। उन्होंने एसडीएम बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। एसडीएम दंपती के बीच विवाद गहराता जा रहा है। आला अधिकारियों से जुड़ा मामला होने के नाते पुलिस भी पेशोपेश में नजर आ रही है। पुलिस के लिए भी सीधे तौर पर कार्रवाई करना आसान नहीं होगा।

