
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के टीरो गांव के पास भारतमाला परियोजना के काम में लगे डंपर की चपेट में आकर 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टीरो गांव निवासी सुनील सिंह के पुत्र अजय सिंह उर्फ बंटी अपनी बाइक से किसी काम से विशुनपुरा जा रहे थे। रास्ते में भारतमाल परियोजना में लगे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में अजय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उधर घटना के बाद डंपर चालक फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीण मौके पर जुट गए और गुस्से में डंपर पर ईंट-पत्थर चलाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया।
मृतक के दादा श्रीराम सिंह ने थाने में लिखित तहरीर देकर डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी प्रभु नाथ सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपी चालक की तलाश जारी है।

