
संवाददाता: बाबू चौहान
चंदौली। चकिया क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सावित्रीबाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चकिया में अब स्नातक स्तर पर विज्ञान वर्ग (बीएससी) की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। शासन द्वारा पांच विज्ञान विषयों को स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वर्षों से चली आ रही विद्यार्थियों की मांग पूरी होने पर शिक्षक संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता ने क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य का आभार जताते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
अजय गुप्ता ने कहा कि अब चकिया, नौगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को बीएससी की पढ़ाई के लिए दूसरे जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होगा और विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
महाविद्यालय में भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, वनस्पति विज्ञान और जंतु विज्ञान विषयों में बीएससी की पढ़ाई शुरू होगी। साथ ही कंप्यूटर विज्ञान को भी शामिल किए जाने से तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को रोजगार व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर मिलेंगे।
क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने बताया कि चकिया और नौगढ़ क्षेत्र के विद्यार्थियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए गए। मुख्यमंत्री के सहयोग से विज्ञान भवन के निर्माण और बीएससी पाठ्यक्रम को स्वीकृति मिली है, जो क्षेत्र की उच्च शिक्षा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता सिन्हा ने बताया कि शासन से बीएससी पाठ्यक्रम संचालित करने की अनुमति प्राप्त हो चुकी है। अंतिम औपचारिक स्वीकृति मिलते ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
शिक्षक संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता ने विश्वास जताया कि यह निर्णय क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा और आने वाले समय में महाविद्यालय में नए पाठ्यक्रमों तथा आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का भी विस्तार होगा।

