fbpx
क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

चंदौली: महड़ौरा के पूर्व प्रधान मनोज यादव को गोली मारने वाला शातिर शूटर चढ़ा पुलिस के हत्थे, हत्याकांड से शुरू हुई थी वर्चस्व की जंग

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के महड़ौरा गांव के पूर्व प्रधान मनोज यादव की हत्या में शामिल शातिर शूटर सोमवार की रात पुलिस के हत्थे चढ़ गया। चकिया पुलिस ने मुड़हुआ जयगुरुदेव आश्रम से पास से दो बदमाशों को पकड़ा जिसमें एक बदमाश की पहचान पूर्व प्रधान हत्याकांड के मुख्य आरोपित के तौर पर हुई।

हत्याकांड से शुरू हुई वर्चस्व की जंग
वर्ष 2020 में महड़ौरा गांव के पूर्व प्रधान मनोज यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने गांव निवासी प्रधानपति पंकज सिंह सहित कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। घटना के तकरीबन एक वर्ष बाद ही प्रधानपति पंकज सिंह को भी गोलियों से भून दिया गया। बदले की आग में झुलस रहे मनोज यादव के भाईयों ने ही पंकज सिंह की हत्या करवाई थी। पुलिस सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन पूर्व प्रधान मनोज यादव को गोली मारने वाला मुख्य शूटर सतीश सिंह उर्फ सोनू पुलिस की पकड़ से दूर था।

असलहे के साथ पकड़े गए दो बदमाश
चकिया पुलिस ने सोमवार की देर रात मुड़हुआ जयगुरुदेव आश्रम से पास से दो बदमाशों को पकड़ा। उनके पास से 12 बोर का दो तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई। पकड़े गए बदमाश सतीश सिंह उर्फ सोनू और अभिषेक सिंह उर्फ गोलू धीना थाना क्षेत्र के बभनियांव गांव के रहने वाले हैं। शिकारगंज चौकी प्रभारी प्रशांत सिंह ने बताया कि सतीश सिंह उर्फ सोनू महड़ौरा के पूर्व प्रधान मनोज यादव की हत्या में वांछित था। इसी ने मनोज यादव को गोली मारी थी। अपराधियों को पकड़ने वाली टीम में चकिया कोतवाली प्रभारी राजेश यादव, चौकी प्रभारी प्रशांत सिंह, वीरबहादुर, जलभरत यादव, अरूण गिरी, शिवांशु सिंह शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!