fbpx
ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

आरक्षण सूची फाइनल, कल होगी जारी, सामान्य की अधिकांश सीटें एससी के खाते में

चंदौली। पंचायत के विभिन्न पदों की पहली आरक्षण सूची दो मार्च को प्रकाशित होने के लिए तैयार है। लंबे समय पर सामान्य रहीं अधिकांश सीटें एससी के पाले में जा चुकी हैं। कुछ ही ग्राम पंचायतें ऐसी हैं जहां आरक्षण का कोटा पूरा होने के चलते बदलाव नहीं हो सका है। सीटों पर व्यापक स्तर पर बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि अंतिम सूची का प्रकाशन 15 मार्च को किया जाएगा। चार से आठ मार्च तक दावा और आपत्ति के लिए समय दिया जाएगा।
शासन से तय मानक के अनुरूप जिला प्रशासन ने ग्राम प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत, ग्राम पंचायत सदस्य और ब्लाक प्रमुख पद के लिए आरक्षण सूची तैयार कर ली है। दो मार्च को सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा। यहद किसी प्रकार की दिक्कत आई तो तीन मार्च को प्रत्येक दशा में सूची जारी हो जाएगी। एडीओ पंचायत के जरिए गांवों में आबादी व 1995 से अब तक के आरक्षण की रिपोर्ट मंगाई गई थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार आरक्षण में व्यापक स्तर पर बदलाव होगा। पिछले कई चुनावों में अनारक्षित रहे प्रधान व अन्य पद इस बार अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होंगे। वहीं आरक्षण के दायरे में रहे पदों पर भी चक्रानुक्रम प्रणाली के तहत बदलाव होगा। मसलन अनुसूचित के लिए आरक्षित रहे पद इस बार पिछड़ा वर्ग अथवा अनराक्षित हो सकते हैं। जिले में 734 ग्राम पंचायते हैं। क्षेत्र पंचायत के 868, जिला पंचायत के 35 व ग्राम पंचायत सदस्य के नौ हजार पद हैं। वैसे शासन से तय मानक के अनुरूप इस बार ग्राम प्रधान के 166 पद अनुसूचित, पिछड़ा वर्ग के लिए 199 व 121 पद सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। 248 पदों को अनारक्षित रखा गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष का पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित कर दिया गया है। सहायक निर्वाचन अधिकारी कैलाश यादव ने बताया कि दो या तीन मार्च को आरक्षण सूची का प्रकाशन किया जाएगा। आरक्षण का निर्धारण शासनादेश के तहत किया गया है। इसके बाद दावा और आपत्ति का भी मौका मिलेगा। निस्तारण के बाद 15 मार्च को अंतिम सूची प्रकाशित होगी।

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!