
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंधासी पुलिस चौकी के पास गुरुवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार वैगनार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल की पहचान विजय चौहान (40), निवासी चंधासी गांव के रूप में हुई है। विजय पेशे से अधिवक्ता हैं। बताया गया कि घटना के समय वह दुलहीपुर स्थित अपने ससुराल से बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान चंधासी पुलिस चौकी के समीप हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विजय चौहान बाइक से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान मुगलसराय की तरफ से वाराणसी की ओर जा रही तेज रफ्तार वैगनार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अधिवक्ता को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। वहीं, हादसे में शामिल कार और उसके चालक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया और कोतवाली ले गई। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।

